Sunday, June 10, 2012

बेफिक्र ज़िन्दगी...


बेफिक्र ज़िन्दगी को बिताना है अति भला ।
गर रोड़े आयें राह में तो करना ना गिला ।।
जब आये ग़म का दौर तो ना धर्य छोड़ना,
खोना नहीं विवेक जंग से मुंह न मोड़ना ।
जीवन का है ये फलसफ़ा,समझ लो दोस्तों -
जिसने जीया है इस तरह,उसी को सब मिला ।।
                                         गर रोड़े....।।
पर्वत-शिखर पे झूम के बादल हैं बरसते,
नदियों के जल-प्रवाह तो थामे नहीं थमते।
जिन शोख़ियों से शाख पे निकलती हैं कोपले -
थमने न पाये ऐसा कभी शोख़ सिल-सिला ।।
                                        गर रोड़े ....।।
कुदरत का ही कमाल है ये सारी कायनात,
होता कहीं पे दिन है तो रहती कहीं पे रात ।
गुम होते नहीं तारे चमका करे ये सूरज -
महके है सगरो वादी ये फूल जो खिला ।।
                                       गर रोड़े ....।।
जब नाचता मयूर है सावन में झूम के ,
कहते हैं,होती वर्षा तब झूम -झूम के ।
जो श्रम किया है तुमने वो फल अवश्य देगा -
मेहनतकशों के श्रम का मीठा है हर सिला ।।
                                      गर रोड़े ....।।

Sunday, January 29, 2012

मेरा नन्हा सा दिल ....

मेरा नन्हा सा दिल तुमको चाहे सौ-सौ बार ।
तूँ मिले, मिले ना मुझको कुर्बां तुझ पे सभी बहार  ।।
मेरा नन्हा सा दिल .... ।।

जब से नयना चार हुए हैं, दिल मेरा हो गया घायल,
घायिल मनवां बन-बन ढूंढे तुझको बारम्बार -
मेरा नन्हा सा दिल .... ।।

तेरी साँवरी सूरत बस गयी मन में प्यारी मूरत,
मन-वैरागी रीझा, जबसे देखा पहली बार-
मेरा नन्हा सा दिल .... ।।

चाँद सा मुखड़ा प्यारा- प्यारा, नील झील सी आँखें,
रस लोभी मन भंवरा मेरा तेरी करे पुकार -
मेरा नन्हा सा दिल .... ।।

तूँ जबसे मन भाई सजनी! स्वर्ग हो गया जीवन,
बिना प्यार के जीवन सूना, सूना सब संसार -
मेरा नन्हा सा दिल .... ।।

निगाहे उल्फ़त

जब से निगाहे उल्फ़त डाली है आपने,
लगे, चाँद बस गया हो ज़मीं के मकान में ।।
अम्बर की किस परी से कहाँ कम जनाब हैं,
गर है कोई जहाँ में तो बस आप-आप हैं ।
महका दिया फ़जां को चेहरा गुलाब ने ।।
जब से निगाहे .... ।।

हर एक अदा तो आपकी शायर का ख्व़ाब है,
मिल जाये सबक प्यार का तूँ वो किताब है ।
लब को सिखाया गाना खिलते शबाब ने ।।
जब से निगाहे .... ।।

सूना था मन का मंदिर सदियों से बिन तिहारे,
बिन देवता के सजदा किसको करे पुजारी ।
रोशन किया ये महफ़िल दमकते चराग़ ने ।।
जब से निगाहे .... ।।

उजड़े मेरे चमन की बहाराँ हुज़ूर हैं,
धरती पे आसमाँ की, जन्नत की हूर हैं ।
खुशबू है दी खिज़ां को मल्काये बहार ने ।।
जब से निगाहे .... ।।
 

Thursday, December 1, 2011

ऐसी माटी ...


भारत-माता के वीर सपूतों,
अपनी धरती का करलो नमन |
ऐसी माटी तुम्हे न मिलेगी,
कर लो टीका समझ इसको चन्दन ||

इसके उत्तर में गिरिवर हिमाद्री
जैसे प्रहरी हो इसका अहर्निशी
चाँदनी की धवलिमा लिए....
दक्षिनोदधि करे पादसिंचन || ऐसी माटी ..... ||

इसकी प्राची दिशा में सुशोभित,
गारो, खासी, मेघालय, अरुणाचल |
इसके पश्चिम निरंतर प्रवाहित,
सिन्धु-सरिता व् धारा-अदन || ऐसी माटी ..... ||

शीश-कश्मीर ऐसे सुशोभित,
स्वर्ग-नगरी हो जैसे अवनि पर |
गंगा-कावेरी जल उर्मियों से,
देवता नित करें आचमन || ऐसी माटी ..... ||

पुष्प अगणित खिलें उपवनों में,
मृग कुलाचें भरें नित वनों में |
वर्षपर्यंत रितुरागमन है,
लोरी गाये चतुर्दिक पवन || ऐसी माटी .... ||

अपनी धरती का गौरव रामायण,
सारगर्भित वचन भगवदगीता |
मार्गदर्शन करें नित अजानें,
वेद-बाइबिल का अदभुत मिलन || ऐसी माटी .... ||

इसकी गोदी में खेले शिवाजी,
राणा, गांधी, जवाहर, भगत सिंह |
चंद्रशेखर की है सरज़मीं ये,
बाल गंगा तिलक का वतन || ऐसी माटी ..... ||





चलो, एक गाँव बसायें ....



राग-द्वेष से दूर,
चलो, एक गाँव बसायें |
जहाँ न हो कोई भीरु,
चलो, एक गाँव बसायें ||

सघन वृक्ष की छाँव जहाँ हो,
पोखर, नदी, तालाब जहाँ हो |
निर्झर-जल भर-पूर,
चलो, एक गाँव बसायें ||

पंछी-कलरव तान जहाँ हो,
सुघड़, सुखद विहान जहाँ हो |
मिले प्रकृति का नूर,
चलो, एक गाँव बसायें ||

निर्भय, निडर रहें जहाँ सब जन,
विलसे सुख-सुकून जहाँ कण-कण
ठुमके मन-मयूर,
चलो, एक गाँव बसायें ||

वाणी मधुर-मिठास भरी हो,
कुण्ठित मन न निराश कोई हो |
ग़म हो काफ़ूर,
चलो, एक गाँव बसायें ||

सुख-दुःख हो जहाँ सबका अपना,
ध्येय एक हो मिल-जुल रहना |
नहीं कोई हो क्रूर,
चलो, एक गाँव बसायें ||