Wednesday, November 30, 2011

हम महकते-महकते गए ...

जब दरख्तों पे पत्ते उगे,
फूल खिलते ही खिलते गए |
मन में भीनी महक जब बसंती-
हम महकते-महकते गए ||

ख़ुमारी का छाया था आलम,
बेख़बर थीं हवाएं, फज़ाएँ |
बेख़ुदी का वो आलम ना पूछो-
हम बहकते-बहकते गए ||

शोख़ियों से भरी थीं कली सब,
मस्तियों में सनी सब गली |
सुर्ख़ शाख़ों पे बैठे पखेरू-
सब चहकते-चहकते गये ||

नूर था, रागिनी की खनक थी,
चाँद की चाँदनी थी मचलती |
शोख़-चंचल हसीना सी ऋतु में-
हम मचलते-मचलते गये ||

उनसे नज़रे हुईं चार जब,
वक़्त मानो ठहर सा गया |
झील के जैसे ठहराव में-
हम सरकते-सरकते गये ||

बेख़ुदी का वो आलम न पूछो-
हम बहकते-बहकते गये ||

Tuesday, November 29, 2011

सन्देश

राष्ट्र को हमें बचाना है, प्यार का सबक सिखाना है |
कपटी-कुटिल-रक्त-लोलुप को राह दिखाना है ||
राष्ट्र को .... |

फैला ये आतंक विश्व में, करता तांडव-नृत्य है |
अमन-चैन का दुश्मन यह, एक खतरनाक कुकृत्य है |
मुह बाये आतंकवाद को, मार भगाना है ||
राष्ट्र को .... |

दुश्मन के नापाक इरादे, कामयाब नहीं होंगे अब |
लाल देश की माटी खातिर, दाग़दार नहीं होंगे अब
खोया जो सम्मान था पहले-उसको पाना है ||
राष्ट्र को .... |

क्या छोटा-क्या बड़ा यहाँ पे, सब तो भाई-भाई हैं |
मानवता बस एक धर्म है, जानो येही सच्चाई है |
जाति-पांति व वर्ग-भेद को, जड़ से मिटाना है ||
राष्ट्र को .... |

गाँव-गाँव में, नगर-नगर में, बस्ती-कुनबा डगर-डगर में |
नदी-तालाब की लहर-लहर में, सागर की हर भंवर-भंवर में |
प्रेम-भाव अरु श्रद्धा का-परचम फहराना है ||
राष्ट्र को .... |

जीवन धन्य वही जो, न्योछावर निज माटी पे |
जल-थल-अम्बर अपने वतन की, सबसे प्यारी थाती पे |
वतन-परस्ती की मस्ती को- फिर से लाना है ||
राष्ट्र को हमें बचाना है |

आवो मिलकर करें सर्जना ...

आवो, मिलकर करें सर्जना ऐसे हिन्दुस्तान की,
जिसमे श्रद्धा पले-बढे नित, कुदरत औ भगवान् की |
वृक्ष देवता माना जाये, हरियाली की पूजा हो,
बाग़-बगीचा-खेत-कियारी, अन्न-फूल-फल उपजा हो |
पशु-विहार औ ताल-तलैया, पंछी-कलरव तान की-
आवो, मिलकर करें सर्जना .... ||

सत्य-अहिंसा ध्येय हो जिसका, 'आज़ादी' जो समझ सके,
मानवता बस एक धर्मं हो, 'बरबादी' जो समझ सके |
समता-ममता, प्यार-मोहब्बत, करुना औ ईमान की-
आवो मिलकर करें सर्जना .... ||

रह ना जाये कोई भी रेखा, जिसमें अब गरीबी की,
छुआछूत औ भेद-भाव संग, रेखा मिटे अमीरी की |
बजे दुन्दुभी जिसमें हर-पल, साक्षरता-अभियान की-
आवो, मिलकर करें सर्जना .... ||

युवा बने जिस मुल्क का गौरव, ऐसा देश हमारा हो,
करें हौसला पस्त तिमिर के, रौशन जग सब सारा हो |
वतन-परस्ती के जज़्बे की, आन-बान औ शान की-
आवो, मिलकर करें सर्जना .... ||

महंगाई की मार न हो जहाँ, सबकी रोजी बनी रहे,
बच्चा अपना बचपन जीये, सबकी रोटी पकी रहे |
नारी-शिक्षा और तरक्की, संसाधन-सम्मान की-
आवो, मिलकर करें सर्जना .... ||

Tuesday, September 8, 2009

आज तक समझे नही.....

आज तक समझे नहीं हम क्या कहानी प्यार की?
आलमे मस्ती है ये, या है ग़ज़ल इनकार की॥
अलमस्त भौरों के तराने कुछ नहीं बतला सके।
सागरों मीना के दीवाने नहीं बतला सके।
बतला सकीं नज़रें न वो मेरे यार की सरकार की॥ आज तक समझे ..... ॥

कितने तो ये कहकर गए इसमें खुदा की शान है,
जान है, ईमान है, इंसान की ये आन है।
कुछ शायरों ने है कहा, ये किताब है बहार की॥ आज तक समझे .........॥

कुछ ने सदा-ए-इश्क को जन्नत का है दर्जा दिया,
शोला है ये, शबनम है ये, या क्या है ये किसको पता?
कुछ रूहें कह कर गयीं, ये किताब है पतझार की॥ आज तक समझे ..... ॥

कुछ अश्क बहकर यूँ कहे, ग़म के अंजुमन का फूल ये,
कुछ हस्तियाँ मिटकर कहीं, है ज़िन्दगी की भूल ये।
कोई जो बने कहता रहे, ये तो गुफ्तगू इकरार की॥ आज तक समझे..... ॥

एक से बढ़कर एक यहाँ, हैं शायरों के मशवरे,
कुछ को समय ने खा लिया, कुछ के बने हैं मक़बरे।
यह नज़्म है यारों मेरे, किसी दर्द बेशुमार की॥ आज तक समझे ........ ॥

Sunday, September 6, 2009

कुछ पल और....

कुछ पल और ठहर जाओ,
यादों के शीश-महल में,
कुछ पल और संग में नाचो
सपनों के रंग-महल में। कुछ पल और....... ॥

साक़ी बगैर शराब तो शराब नही है
खुशबू बगैर गुलाब तो गुलाब नही है,
कुछ पल और मय पिलाओ,
महफिलों की हलचल में। कुछ पल और..... ॥

तेरे मेरे गीत मिलके राग बनेंगे,
हर साज़े दिल की जानेमन, आवाज़ बनेंगे,
कुछ पल और संग में गाओ,
चाहतों की चहल-पहल में। कुछ पल और....॥

तूँ जो मिल गए तो समझो चाँद मिल गया,
भटके कदम को उसका मुकाम मिल गया,
कुछ पल और चलते जाओ-
ज़िन्दगी के मरू-थल में। कुछ पल और..... ॥